नगर निगम मुख्यालय के निर्माणधीन भवन का महापौर ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्य की प्रगति का लिया जायजा
Share this page:
प्रदेश जनहित खबर उत्तर प्रदेश
- पहली छत का कार्य हुआ पूर्ण, गुणवत्ता एवं समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
लखनऊ: गोमती नगर स्थित नगर निगम मुख्यालय के निर्माणाधीन नवीन भवन का गुरुवार को माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस अवसर पर मा० पार्षद श्री रंजीत सिंह जी एवं श्री सैयद यावर हुसैन रेशु जी भी उपस्थित रहे। महापौर जी ने निर्माण स्थल का भ्रमण कर अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था से भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
*पहली छत डाले जाने पर जताई संतुष्टि*
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय के नवीन भवन की पहली छत का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। महापौर जी ने निर्माण कार्य की इस महत्वपूर्ण प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन भविष्य में नगर निगम की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष बल दिया। महापौर जी ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।