गोमतीनगर में नगर निगम का अतिक्रमण पर बड़ा अभियान, 41 हजार रुपये जुर्माना वसूला
Share this page:
प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ
- मधुरिमा होटल से गोमतीनगर रेलवे स्टेशन तक चला अभियान, ठेले और काउंटर जब्त कर यातायात कराया सुचारु
लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने गुरुवार को व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित यातायात उपलब्ध कराना है। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
*जोन-4 के विभिन्न क्षेत्रों में चला सघन अभियान*
नगर निगम के जोन-4 में सहायक नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारी श्रीमती शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान मधुरिमा होटल, विभूति खंड से प्रारंभ होकर गोमतीनगर की साईं वाटिका, किसान बाजार रोड तथा गोमतीनगर रेलवे स्टेशन की दोनों पटरियों तक चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाकर मार्गों को पूरी तरह खाली कराया गया, जिससे लंबे समय से बाधित यातायात पुनः सुचारु रूप से संचालित हो सका।
*तीन ठेले और दो काउंटर जब्त, 41 हजार रुपये जुर्माना*
कार्रवाई के दौरान नगर निगम के प्रवर्तन दल-296, कर अधीक्षक बनारसी दास, राजस्व निरीक्षक सनी श्रीवास्तव तथा अर्पित शुक्ला की मौजूदगी में लगभग तीन ठेले और दो अवैध काउंटर जब्त किए गए। अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने अतिक्रमण मद में 41,000 रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अतिरिक्त स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर श्रीमती रश्मि शुक्ला, डॉ. राकेश वर्मा तथा श्री बाल गोविन्द सिंगरौर (एसएफआई) से गंदगी फैलाने के मद में 2,300 रुपये का जुर्माना भी नगर निगम कोष में जमा कराया गया।