LUCKNOW / 02-07-2026

नगर निगम का सख्त अतिक्रमण विरोधी अभियान, जोन-03 और जोन-05 में हटाए गए अवैध कब्जे, ₹19,500 का शमन शुल्क वसूला

Share this page:

Facebook Twitter LinkedIn WhatsApp Telegram Pinterest Email


प्रदेश जनहित खबर उत्तर प्रदेश 

लखनऊ नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को जोन-03 एवं जोन-05 में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर संचालित इस कार्रवाई में सड़क, फुटपाथ एवं सार्वजनिक स्थलों से अवैध कब्जे हटाए गए, अस्थायी अतिक्रमण ध्वस्त किए गए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों से शमन शुल्क भी वसूला गया।

*जोन-03 में लकड़ी मंडी और डालीगंज क्षेत्र से हटाया गया अतिक्रमण*
जोन-03 में जोनल अधिकारी श्री मनोज यादव के निर्देशन में प्रवर्तन दल-296 ने ताड़ीखाना स्थित पल्टन छावनी क्षेत्र में लकड़ी व्यापारियों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया। इसके साथ ही महानगर से साहू एजेंसी तक दोनों पटरियों तथा डालीगंज वार्ड के अंतर्गत लकड़ी मंडी में भी विशेष अभियान चलाया गया।

डालीगंज क्रॉसिंग के पास कब्जाधारक बबली राजा एवं अन्य लोगों द्वारा विभागीय भूमि पर दुकानें लगाकर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग 20 से 35 अस्थायी दुकानें एवं गमलों के माध्यम से किए गए अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान ₹2,000 का जुर्माना भी वसूला गया। भविष्य में पुनः अतिक्रमण न हो, इसके लिए क्षेत्रीय पुलिस को आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र भेज दिया गया है।

*जोन-05 में मौनी बाबा मार्केट के आसपास चला विशेष अभियान*
जोन-05 के अंतर्गत वार्ड रामजीलाल सरदार पटेल नगर स्थित मौनी बाबा मार्केट, आलमबाग के आसपास फुटपाथ एवं सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 6 ठेले, 4 गुमटियां तथा 8 काउंटर हटाए गए, जबकि 3 काउंटर, 1 रिक्शा ट्रॉली एवं 1 लोहे की गुमटी जब्त की गई।

अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी देते हुए ₹2,500 का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं, अभियान के दौरान गंदगी फैलाने एवं प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹15,000 का अतिरिक्त शमन शुल्क भी वसूला गया।

जोन-05 की कार्रवाई जोनल अधिकारी श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान में कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री विवेक मिश्रा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल-296 तथा पुलिस बल की सक्रिय सहभागिता रही।

Tranding

© PRADESH JANHIT KHABAR. All Rights Reserved.