लखनऊ में सिंगल यूज प्लास्टिक और गंदगी फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई, नगर निगम का व्यापक अभियान जारी
Share this page:
ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर लखनऊ नगर निगम द्वारा शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और गंदगी फैलाने के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छता को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न जोनों में भारी जुर्माना वसूला गया तथा कई दुकानदारों को चेतावनी भी दी गई।
*चारबाग में 12 दुकानदारों पर कार्रवाई, ₹25,000 का जुर्माना*
जोन 2 क्षेत्र में चारबाग के आस-पास गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। 12 दुकानदारों के खिलाफ चालान काटते हुए कुल ₹21,000 का जुर्माना वसूला गया। साथ ही, प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते पाए जाने पर 2 दुकानदारों पर ₹4,000 का चालान लगाया गया। यह कार्रवाई एसएफआई राजेश कुशवाहा और देवेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई।
*LDA मार्केट में प्लास्टिक व गंदगी पर कार्रवाई, ₹62,000 जुर्माना*
जोन 4 के तहत विवेक खंड-4 स्थित LDA मार्केट, गोमती नगर में नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाया। अभियान के दौरान गंदगी फैलाने पर 1 चालान के माध्यम से ₹2,000 का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर 3 अलग-अलग चालान कर ₹60,000 का जुर्माना लगाया गया। अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रश्मि शुक्ला, बाल गोविंद, और राकेश कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
*इंदिरा नगर सेक्टर-22 में 37,200 रुपये का दंड*
जोन 7 में जोनल सेनेटरी अधिकारी अजीत कुमार राय के नेतृत्व में इंदिरा नगर सेक्टर-22 में सघन जांच की गई। ‘दिल्ली दरबार’ नामक प्रतिष्ठान को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते पाए जाने पर ₹10,000 का चालान किया गया।
अभियान का कुल जुर्माना इस प्रकार रहा—
- गंदगी फैलाने पर: ₹27,200
- प्रतिबंधित प्लास्टिक पर: ₹10,000
- कुल जुर्माना: ₹37,200
कार्रवाई के दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक बृजेश प्रजापति, रूपेंद्र भास्कर, संचिता मिश्रा, तथा 296 टीम मौजूद रही। दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति पाए जाने पर और कठोर कदम उठाए जाएंगे।
*चार क्षेत्रों में निरीक्षण, 62 दुकानों की जांच – ₹8,400 वसूले*
जोन 8 में प्रतिबंधित प्लास्टिक और गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया। यह अभियान खजाना से आशियाना, पावर हाउस, सेक्टर-5 एवं 6 वृंदावन, तथा पवनपुरी–सुभानीखेड़ा तेलीबाग क्षेत्रों में संचालित हुआ।
निरीक्षण के दौरान 62 दुकानों व ठेलों की जांच की गई, जिसमें—
- गंदगी फैलाने पर ₹3,400
- सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, विक्रय और भंडारण पर ₹5,000
- कुल ₹8,400 का जुर्माना वसूला गया तथा 1 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की गई।
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कहा कि शहर को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी नियमित रूप से जारी रखा जाएगा। साथ ही, दुकानदारों और नागरिकों से स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि लखनऊ को स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाया जा सके।