LUCKNOW / 14-04-2026

सरोजनीनगर विधानसभा के छह मंडलों में बीस से अधिक स्थानों पर बाबा साहब को दी गई श्रद्धांजलि

Share this page:

Facebook Twitter LinkedIn WhatsApp Telegram Pinterest Email



प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ रायबरेली 

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ 

संविधान गौरव अभियान के तहत विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने कराया प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण और विकास कार्य


लखनऊ  भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की जयंती के अवसर पर टीम राजेश्वर द्वारा सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विधायक टीम के सदस्यों ने विधानसभा के छह मंडलों के 20 से अधिक स्थानों पर पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके विचारों—समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व—को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में संचालित संविधान गौरव अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में कराए गए विकास एवं जनहितकारी कार्यों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई। विधायक द्वारा सरोजनीनगर विधानसभा में बाबा साहब की प्रतिमाओं के संरक्षण और सम्मान हेतु विशेष पहल करते हुए 10 प्रमुख स्थानों पर प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण कार्य कराया गया, जिनका अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर लोकार्पण किया गया। इसके अंतर्गत प्रतिमाओं के आसपास टीनशेड निर्माण, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं परिसर विकास जैसे कार्य किए गए, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सकें और बाबा साहब के प्रति सम्मान और सुदृढ़ हो।

इस कड़ी में विधायक ने कहा कि सरोजनीनगर विधानसभा में बाबा साहब की प्रतिमाओं के संरक्षण और सम्मान हेतु अगले एक साल में 10 और स्थानों पर कराया जाएगा जीर्णौद्धार कार्य। उन्होंने यह भी बताया कि सभी स्थलों पर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा! साथ ही स्थानीय लोगों की सहभागिता से इन स्थानों को प्रेरणास्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। जरूरतमंद विद्यार्थियों को साइकिल वितरण कर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित किया गया, वहीं वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर समाज में उनके योगदान को सराहा गया। विधायक द्वारा लगातार सामाजिक समरसता, संवैधानिक जागरूकता और विकास को साथ लेकर चलने की प्रतिबद्धता इस अभियान में स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंतर्गत खुशहालगंज मंडल के हुल्लीखेड़ा, नारायणपुर, सहिजनपुर, ऐन, नानमऊ, गुदौली, मौदा और पल्हेंदा में श्रद्धांजलि दी गई। अर्जुनगंज मंडल के माती, पश्चिम महोल्ला माती, पूरब महोल्ला माती एवं दक्षिण महोल्ला माती में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। दक्षिण मंडल तृतीय के खान मार्केट खारिका प्रथम, हैबतमऊ मवैया एवं जयहिन्द कॉलोनी बिजनौर में तथा सरोजनीनगर मंडल के हसन खेड़ा, गढ़ी चनौटी और हरौनी में टीम राजेश्वर द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर बाबा साहब को नमन किया गया।

इसके साथ ही बल्दीखेड़ा मंडल सरोजनी नगर दक्षिण प्रथम एवं सरोजनी नगर दक्षिण द्वितीय मंडल के रतन खंड क्षेत्र में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं माननीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के पराग स्थित कार्यालय पर भी बाबा साहब की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।

इन सभी स्थानों को मिलाकर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रमों के माध्यम से न केवल बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, बल्कि उनके विचारों को आत्मसात करने और एक समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प भी दोहराया गया।

Tranding

© PRADESH JANHIT KHABAR. All Rights Reserved.