अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम का सघन अभियान, कई क्षेत्रों में कार्रवाई कर यातायात किया गया सुचारु
Share this page:
यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को विभिन्न जोनों में सघन एवं बहुस्तरीय अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
जोन-1 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री ओ.पी. सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन विभाग की 296 टीम द्वारा रानीगंज सराय फाटक के आसपास, नाका थाना क्षेत्र से बासमंडी होते हुए लाटूष रोड एवं कैसरबाग चौराहे तक सघन अतिक्रमण अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे और फुटपाथ पर रखे गए अवैध सामान को हटाया गया तथा एक ट्रक सामान जब्त किया गया। अभियान के दौरान गंदगी फैलाने एवं पन्नी के उपयोग पर 15,000 रुपये तथा मिक्सर मशीन के उपयोग पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसे नगर निगम कोष में जमा कराया गया।
इसी क्रम में जोन-3 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देश पर 296 टीम के साथ फातिमा हॉस्पिटल के पास एवं माउंट कार्मेल स्कूल, महानगर के सामने अवैध रूप से लगाई गई झुग्गी-झोपड़ियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान कथित रूप से अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए वहां लगी जुग्गी-झोपड़ियों को ध्वस्त किया गया तथा एक ट्रक बांस जब्त किया गया।
जोन-6 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव के नेतृत्व में वार्ड कन्हैया माधोपुर द्वितीय एवं हैदरगंज द्वितीय में वरदानी कॉलोनी, अहिरन खेड़ा में शिकायत का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही गुप्ता टेंट हाउस से बुद्धेश्वर चौराहे तक अवैध रूप से किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। इस कार्रवाई में 15 ठेले एवं 20 अस्थायी दुकानों को हटवाया गया तथा अतिक्रमणकर्ताओं को भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। इस अभियान में कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, कर निरीक्षक श्री धर्मदेव एवं प्रवर्तन विभाग की 296 टीम की सक्रिय सहभागिता रही।