LUCKNOW / 05-02-2026

महापौर ने मृतक आश्रितों को सौंपे नियुक्ति पत्र, नगर निगम में मिला रोजगार का अवसर

Share this page:

Facebook Twitter LinkedIn WhatsApp Telegram Pinterest Email



प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ रायबरेली 

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ 

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ मुख्यालय में गुरुवार को एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी द्वारा मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। यह कार्यक्रम उन परिवारों के लिए राहत का संदेश लेकर आया, जिन्होंने अपने परिजनों को सेवा के दौरान खो दिया था। नगर निगम द्वारा उन्हें रोजगार प्रदान कर आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कुल 13 मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें श्री शेखर, कु. रागिनी, श्री विकास भारती, श्रीमती बीनू, श्री रितिक गहरवाल, श्री अवनीश कुमार, कु. पिन्की, श्री आकाश कुमार भारती, श्री सुभाष धानुक, श्री नीरज कुमार, श्री शिवांशू भारती, कु. काजल और श्री शिवम भारती शामिल हैं। इन सभी मृतक आश्रितों को सफाई कर्मी के पद पर नियुक्त किया गया है।

इस अवसर पर महापौर ने नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि मृतक आश्रितों को नौकरी देना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों को सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने का माध्यम है। महापौर ने सभी नवनियुक्त कर्मियों से ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त  ललित कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी  पी.के. श्रीवास्तव, प्रभारी अधिकारी अधिष्ठान विकास सिंह सहित नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नवनियुक्त कर्मचारियों को विभागीय नियमों और कार्य जिम्मेदारियों की जानकारी भी दी।

अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार ने बताया कि मृतक आश्रितों की नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप पूरा किया गया है। इस पहल से न केवल प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहारा मिलेगा, बल्कि नगर निगम की सफाई व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी नवनियुक्त कर्मचारियों ने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Tranding

© PRADESH JANHIT KHABAR. All Rights Reserved.