नगर निगम ने हटाईं अवैध डेरियां, ग्यारह भैंस,एक पड़िया, तीन गाय जब्त
Share this page:
प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ रायबरेली
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा शहरी स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को जोन-6 के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में अवैध डेरियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। विशेष अभियान के अंतर्गत ठाकुरगंज थाना में इराम स्कूल के पास, हुसैनाबाद, आलमनगर आदि क्षेत्रों में कार्यवाही की गई जिससे डेरी संचालको में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान कुल 11 भैंस , 1 पड़िया, 3 गाय जब्त की गई, जिन्हें ठाकुरगंज स्थिति कांजी हाउस में निरुद्ध किया गया है। इन पशुओं को केवल निर्धारित जुर्माना जमा करने के पश्चात ही छोड़ा जाएगा। यह कार्यवाही स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के आधार पर की गई थी, जिनमें डेरी संचालकों द्वारा गोबर को खुले प्लॉटों में फेंकने एवं नालियों में बहाने से गंदगी, जलभराव और मच्छरजनित रोगों की आशंका व्यक्त की गई थी।
नगर निगम ने यह स्पष्ट किया है कि नगर निगम अधिनियम 1959 के अंतर्गत शहरी सीमा में भैंस पालन पूर्णतः प्रतिबंधित है, क्योंकि इसे अपदूषण कारक पशु की श्रेणी में रखा गया है। केवल अधिकतम दो गायों को ही वैध लाइसेंस के तहत पालने की अनुमति है। अभियान में पुलिस बल, प्रवर्तन दल एवं पशु कल्याण विभाग की संयुक्त भागीदारी रही। डॉ. अभिनव वर्मा के साथ श्री शिवेक, रामकुमार, अभिनव, श्री फुरकान, श्री नदीम के द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया।
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी शहर के बीचो बीच अवैध डेरियों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा व गोबर निस्तारण की लापरवाही के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और रोगमुक्त बनाया जा सके।