लखनऊ भारतीय गौरव को महापौर ने दी शुभकामनाएं, लखनऊ के बेटे की ऐतिहासिक अंतरिक्ष उड़ान पर उत्साह का माहौल
Share this page:
ब्राम्ह अनुभूति अखबार प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ: लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने बुधवार को लखनऊ के गौरव भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन श्री शुभांशु शुक्ला जी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके निवास स्थान पर जाकर परिजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
श्री शुभांशु शुक्ला ने Axion4 मिशन के तहत अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए उड़ान भरकर इतिहास रच दिया है। 41 वर्षों के अंतराल के बाद किसी भारतीय द्वारा ऐसी अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष यात्रा का हिस्सा बनना न केवल लखनऊ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है।
महापौर श्रीमती खर्कवाल ने इस उपलब्धि पर उनकी पूज्य माताजी श्रीमती आशा शुक्ला जी एवं पूज्य पिताजी श्री शंभु दयाल शुक्ला जी से भेंट कर उन्हें इस अद्भुत क्षण की शुभकामनाएं दीं और कहा कि,
"यह उपलब्धि भारत के वैज्ञानिक और सामरिक सामर्थ्य को दर्शाती है। शुभांशु शुक्ला जी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।"
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक जी, पार्षद दल के उपनेता श्री सुशील तिवारी 'पम्मी' जी, माननीय पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने इस ऐतिहासिक क्षण पर शुक्ला परिवार को बधाई दी और राष्ट्र की प्रगति के लिए शुभकामनाएं प्रकट कीं।
Axion4 मिशन एक महत्त्वाकांक्षी अंतरिक्ष अभियान है जिसमें अंतरराष्ट्रीय सहयोग से वैज्ञानिक शोध और तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का इस मिशन में शामिल होना भारतीय वायुसेना और देश के अंतरिक्ष विज्ञान क्षेत्र की एक बड़ी उपलब्धि है।
इस मौके पर स्थानीय नागरिकों में भी अपार हर्ष और गौरव का भाव देखने को मिला। शुक्ला परिवार के पड़ोसी एवं शुभचिंतक इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनकर अत्यंत गर्वित महसूस कर रहे थे।
महापौर ने अंत में कहा कि लखनऊ की धरती से निकलने वाले ऐसे सपूतों पर शहर को गर्व है और नगर निगम की ओर से उनका यथोचित सम्मान किया जाएगा।